जिला सूखा प्रभावित घोषित है ऐसे में सभी परिषदीय स्कूलों में मिड डे मील बच्चों को दिए जाने का निर्देश है, लेकिन अधिकतर विद्यालय बंद है। इसकी पोल निरीक्षण के दौरान खुली। गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और अन्य अधिकारियों ने सघन निरीक्षण का अभियान चलाया। इसमें करीब 40 विद्यालयों में ताला बंद मिला। जहां विद्यालय खुले भी वहां भी मिड डे मील बनता हुआ नहीं पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने प्रधानाध्यापकों को नोटिस देकर सुधार लाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि आगे स्कूल बंद मिलने और मिड डे मील न बनने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शुक्ल ने सुबह प्राथमिक विद्यालय मडया, मीरगंज, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय भुजैनी, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय बूधाबांध, उच्च प्राथमिक विद्यालय मीरगंज, औरही, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघौली, प्राथमिक विद्यालय बघौली, उच्च प्राथमिक विद्यालय जंगलकला आदि का निरीक्षण किया। इनमें से जंगलकला को छोड़कर सभी विद्यालय बंद पाए गए। इसी क्रम में डीसीएमडीएम धीरेंद्र चंद्र ने प्राथमिक विद्यालय सियरासांथा का निरीक्षण किया, जहां 12 बच्चे उपस्थित मिले और मिड डे मील बना पाया गया, जबकि उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय देवरिया गंगा खुला था, लेकिन बच्चे नहीं थे। प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय कोनी बंद पाया गया, जबकि नौरंगिया बंद पाया गया। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी पौली ऋषिकेश सिंह ने 12 विद्यालयों का निरीक्षण किया। इसमें प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद प्रथम में प्रधानाध्यापिका इंदू यादव और रसोइया उपस्थित मिली, लेकिन छात्र नहीं थे, मिड डे मील भी नहीं बना था। प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद बंद पाया गया, जबकि प्राथमिक विद्यालय गोला रगड़गंज में प्रधानाध्यापिका सुभद्रा सिंह और रसोइयां उपस्थित रहीं, लेकिन मध्याह्न भोजन नहीं बना था। प्राथमिक विद्यालय मडया बंद पाया गया, प्राथमिक विद्यालय बगहिया भी बंद पाया गया। प्राथमिक विद्यालय काजीपुर में प्रधानाध्यापिका हिना व रसोइयां उपस्थित रहीं, लेकिन छात्र नहीं थे, मध्याह्न भोजन नहीं बना। प्राथमिक विद्यालय मगहर द्वितीय में भी यही स्थिति रहीं। प्राथमिक विद्यालय मगहर प्रथम में प्रधानाध्यापक रामचरन एवं शिक्षा मित्र मोहम्मद नसीम और रसोइया उपस्थित मिले, 12 बच्चों के लिए रोटी-दाल बना पाया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय मगहर प्रथम बंद मिला, जबकि द्वितीय में मध्याह्न भोजन नहीं बना। उच्च प्राथमिक विद्यालय बगहिया में विद्यालय बंद पाया गया। इसी प्रकार खलीलाबाद के गौसपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय भी बंद मिला। खंड शिक्षा अधिकारी मेंहदावल अशोक कुमार राय के निरीक्षण मेें प्राथमिक विद्यालय मीरगंज प्रथम, द्वितीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मीरगंज, प्राथमिक विद्यालय भुजैनी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुजैनी विद्यालय बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय डड़वा में निशा यादव उपस्थित रहीं, लेकिन छात्रसंख्या शून्य पाई गई, पूर्व माध्यमिक विद्यालय डड़वा बंदना पांडेय उपस्थित रहीं, लेकिन छह बच्चे ही उपस्थित पाए गए।