ऋण वितरण की स्थिति सुधारें बैंक अधिकारी : सीडीओ
अमर उजाला ब्यूूरो
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक सीडीओ हाकिम सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि ऋण वितरण की स्थिति ठीक नहीं हैं। बैंक अधिकारी विभिन्न योजनाओं में ऋण वितरण की स्थिति सुधारेें।
सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में बैंक की ओर से अब तक मात्र एक प्रार्थना पत्र पर 1.75 लाख रुपये ऋण दिए गए हैं, जबकि आठ आवेदकों की पत्रावली भेजी गई है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में पांच आवेदकों को 9.90 लाख रुपये ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 55 आवेदकों का चयन करके 433.70 लाख रुपये ऋण का आवेदन पत्र भेजा गया है। इसमें एक जिला एक उत्पाद के आवेदक 19 भी हैं, जिन्हें 100 लाख रुपये ऋण दिया जाना है। इसमें मात्र तीन आवेदकों को 15 लाख रुपये दिया गया है। समीक्षा में पाया कि प्रधानमंत्री मृद्रा योजना में 4140 लाभार्थी का चयन किया गया है, जबकि मात्र 630 आवेदकों को 721.25 लाख रुपये ऋण स्वीकृत किया गया है। स्टैंड अप इंडिया योजना में इकाइयों को 43.25 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। जबकि लक्ष्य 50 का है। उपायुक्त उद्योग रवि कुमार शर्मा ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि एकल मेज व्यवस्था के तहत वर्ष 2018-19 में 180 लक्ष्य के सापेक्ष 309 इकाइयों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया है। अधिशाषी अभियंता विद्युत संजय सिंह ने बताया कि विद्युत भार स्वीकृत करने के लिए प्राप्त सभी प्रार्थना पत्र निस्तारित कर दिए गए है। बैठक में उद्यमी महेश अग्रवाल, सुभाष चंद्र शुक्ल, लीड बैंक प्रबंधक गिरीशचंद्र आदि उपस्थित रहे।