संतकबीरनगर। सोमवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक समन्वय समिति की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के विरोध के बीच तीसरे दिन भी दोनों केंद्रों पर 31 हजार कापियों की जांच हुई। इस दौरान कुल 822 परीक्षक मूल्यांकन में शामिल हुए।
माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि हमारा आंदोलन अंतिम चरण में है। वार्ता के लिए शिक्षक नेताओं को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया गया है। अगर शिक्षकों के हक में फैसला नहीं आता है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मूल्यांकन बहिष्कार में योगदान दे रहे किसी भी शिक्षक का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन के किसी भी प्रकार की धमकी से हम डरने वाले नहीं हैं।
हम सभी अपने अधिकार और स्वाभिमान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। शिक्षक समन्वय समिति के संयोजक महेश राम व सह संयोजक ब्रह्मदेव सिंह ने राजकीय कन्या बालिका इंटर कॉलेज व हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज पर जाकर शिक्षकों से संवाद कर आंदोलन में सहयोग की अपील की।
इस दौरान गिरिजानंद यादव, लालचंद यादव, मोहिबुल्लाह खां, गिरिजाशंकर सिंह, सलाहुद्दीन, अरशद जलाल, अब्दुल मुदासीर, पुनीत त्रिपाठी, विनय मिश्र, संतमोहन त्रिपाठी, जय गोपाल, जयहिंद, विंध्याचल सिंह आदि मौजूद रहे। इधर मूल्यांकन केंद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की उप नियंत्रक आशा यादव ने बताया कि कुल 256 परीक्षक मूल्यांकन करने आए थे। उन्होंने 11868 कापियों का मूल्यांकन किया है। एचआरइंटर कॉलेज के उप नियंत्रक राम कुमार सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर 566 परीक्षकों ने 20045 कापियों को जांचा है।