सड़क पर खुले पड़े हैं गड्ढे, राहगीरों को खतरा, एसडीएम ने कहा- मामला गंभीर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मेंहदावल। नगर पंचायत के ब्रह्मचारी वार्ड में 30 मीटर नाली व सड़क अब तक नहीं बन सकी है। एक तरफ सड़क अधूरी है, वहीं दूसरी तरफ गड्ढों की भरमार है। रोजाना लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। वार्ड वासियाें ने इस समस्या पर ध्यान न देने पर नाराजगी जताई है। वार्डवासियों ने मामले पर शीघ्र विचार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर पंचायत के ब्रह्मचारी वार्ड में रशीद हाजी के घर से हनुमान मंदिर तक नाली का निर्माण होना है। यह नाली सड़कों के बीच बनाई जा रही है। नाली निर्माण की दूरी 30 मीटर है, लेकिन लगभग दो महीने हो गए, अभी तक नाली नहीं बन पाई है। वहीं एक तरफ से आरसीसी सड़क बनाई गई है। हर 10 फुट के दूरी पर गड्ढों पर छत नहीं ढकने पर हादसे का खतरा है।
वार्ड निवासी सदरुद्दीन, कमरे आलम, निजाम, अमित, फखरूद्दीन, सैफुल्लाह, बदररूल ने कहा कि नगर प्रशासन लापरवाही कर रहा है। 30 मीटर की नाली बनाने में दो महीने लग गए हैं। रोजाना लोग गिरकर जख्मी हो रहे, अगर जल्द इसका समाधान नहीं निकला तो बड़ा आंदोलन होगा। सभासद समीर आलम ने कहा कि मैं ईओ और संबंधित ठेकेदार से कई बार कह चुका हूं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है।
वर्जन
यह गंभीर मामला है। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं जाएगी। पूरे मामले पर ईओ से जानकारी ली जाएागी।
-संजीव कुमार राय, उपजिलाधिकारी, मेंहदावल