मेंहदावल मेगुरुवार की रात बखिरा थाना क्षेत्र के दुर्गजोत चौराहे के पास पड़रिया पुल स्थित अंधे मोड़ पर एक बाइक पर सवार तीन दोस्तों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर तहरीर के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके खलासी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बखिरा क्षेत्र के नंदौर चौराहा निवासी बबलू पुत्र सुरेश मोदनवाल (23), कुसुम्हा निवासी विनय वर्मा पुत्र दीनानाथ वर्मा (24) व दुर्गजोत निवासी अब्दुल सईद पुत्र अब्दुल मजीद (18) गुरुवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर नंदौर चौराहे से होकर बस्ती की तरफ पड़रिया पुल के पास स्थित चमनगंज में बबलू के छोटे भाई डब्लू के चाट की दुकान पर चाट खाने के लिए जा रहे थे। तीनों अक्सर ही चाट खाने डब्लू की दुकान पर जाते थे।
अभी तीनों पड़रियापुल पार करने के बाद अंधे मोड़ पर पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक ट्रक की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक और ट्रक में टक्कर की आवाज के कारण आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बुरी तरह से घायलों को बाहर निकाला और 108 नंबर पर संपर्क करके एंबुलेंस मंगाया।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तीनों को सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया।
स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पर पहुंचने के बाद ही वहां पर डॉक्टरों ने अब्दुल सईद को मृत घोषित कर दिया और दोनों की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
मेडिकल कॉलेज जाते समय बीच रास्ते में बब्लू और विनय की मौत हो गई।
इस बाबत पूछे जाने पर एसओ दिनेश यादव ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर पीएम रिपोर्ट तैयार करने के लिए भेज दिया गया। ट्रक को कब्जे में करके खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। परिजनों की तहरीर केेे आधार पर ट्रक चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर किया गया है।