कायाकल्प योजना से शहर के 25 स्कूल बनेंगे मॉडल
- राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं स्मार्ट सिटी फंड का होगा प्रयोग
- शासन ने 31 मार्च तक कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कायाकल्प योजना के तहत अब शहर के 25 स्कूल चमकेंगे। शासन ने शहरी क्षेत्र के स्कूलों को कायाकल्प योजना से आच्छादित करने का फरमान जारी किया है। स्कूल को मॉडल बनाने में राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं स्मार्ट सिटी फंड के निधि का प्रयोग किया जाएगा। इसके लिए शासन ने गाइडलाइन जारी कर 31 मार्च तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
जिले में 1075 प्राथमिक विद्यालय और 443 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों को पहले से ही कायाकल्प योजना से आच्छादित किया जा रहा है। इन क्षेत्रों के विद्यालयों में ग्राम निधि, पंचायत निधि की रकम खर्च की जा रही है। शहरी क्षेत्र के विद्यालयों के लिए कोई गाइडलाइन नहीं थी।
शासन ने जुलाई माह में शहरी क्षेत्र को भी कायाकल्प योजना से आच्छादित करने की योजना बनाई, लेकिन इस योजना में किस धनराशि का खर्च होना है यह नहीं बताया गया था। इधर महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने डीएम को पत्र जारी कर कहा है कि शहरी क्षेत्र के स्कूलों को कायाकल्प योजना से आच्छादित किया जाना है। इसके लिए राज्य वित्त आयोग, केंद्रीय वित्त आयोग एवं स्मार्ट सिटी फंड, अवस्थापना विकास निधि, निगम निधि का उपयोग किया जा सकता है। इस फंड से विद्यालय की बांउड्रीवाल, शुद्घ पेयजल, शौचालय, टाइल्स, अत्याधुनिक रसोईघर, रंगाई-पुताई, मल्टीपल हैंडवाशिंग यूनिट, ब्लैक बोर्ड, वायरिंग, विद्युत उपकरण, विद्युत संयोजन आदि कार्य कराए जाएंगे। विद्यालय को पूरी तरह से मॉडल विद्यालय बनाना है। यह कार्य किसी भी हाल में 31 मार्च तक अवश्य पूर्ण करा लिए जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इस योजना से संतकबीरनगर जिले के 25 विद्यालय लाभान्वित होंगे। जल्द ही इन विद्यालयों पर कार्य शुरू कराए जाएंगे। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कायाकल्प योजना से शहरी क्षेत्र के 25 विद्यालयों को आच्छादित किया जाना है। जल्द ही विद्यालयों पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।