अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ चलाएं अभियान: डीएम
- जनपद के तीनों तहसीलों पर आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
- 220 मामले आए जिसमें से 25 का हुआ निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खलीलाबाद तहसील पर डीएम और प्रभारी एसपी ने समस्याएं सुनी और उसके निस्तारण का निर्देश दिया। तीनों तहसीलों पर कुल 220 मामले आए जिसमें से 25 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान डीएम ने अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया।
खलीलाबाद तहसील पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम दिव्या मित्तल ने की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता को न्याय और संतुष्टि प्राप्त हो। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे गांवों को चिह्नित किया जाए जहां सार्वजनिक भू संपत्तियों तथा चक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण की अधिक शिकायतें मिल रही है। राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। डीएम ने निर्देश दिया कि सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध अतिक्रमण को हटाने के साथ ही कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करें। यहां कुल 68 मामलें आए जिसमें से 14 का निस्तारण किया गया। इस दौरान प्रभारी एसपी संजय कुमार, एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार मेंहदावल तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता सीडीओ अतुल मिश्र ने की। इस दौरान कुल 61 मामले आए जिसमें से 11 का निस्तारण किया गया। सीडीओ ने कहा कि छोटे-मोटे मामलों का निस्तारण प्रशासनिक अधिकारी व जिम्मेदार कर्मचारी त्वरित करते हुए गांव में शांति व्यवस्था को कायम करें। इस दौरान एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार प्रियंका चौधरी, सीओ रामप्रकाश, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार चौधरी, अवर अभियंता विद्युत मनोज श्रीवास्तव, नगर पंचायत ईओ प्रदीप कुमार, एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव, एसओ अनिल कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे। धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार धनघटा तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम संजय कुमार पांडेय ने की। इस दौरान वहां पर कुल 91 मामले आए जिसमें से एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान एसडीएम गुलशन कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।