25 बड़े बकाएदारों का कटा बिजली कनेक्शन
विद्युत निगम ने शुरू किया बकाया वसूली अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। विद्युत निगम के अधिकारियों ने बड़े बकायेदारों से वसूली शुरू कर दी है। बकाया वसूली में तेजी लाने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में बखिरा अमरडोभा व लेडुआ-महुआ में 25 बड़े बकाएदारों के बिजली के कनेक्शन काट दिए गए।
अवर अभियंता ने बताया कि कई उपभोक्ता बकाया बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं जबकि लोगों की सुविधा के लिए समय-समय पर बकाया जमा करने के लिए शिविर भी लगाए जा रहे है। पांच हजार से अधिक व डेढ़ लाख रुपये तक के बकायेदारों के घर जाकर बिल जमा करने को कहा जा रहा है। इसके बाद भी कई लोग बिल जमा करने से आनाकानी करते हैं। आनाकानी करने पर संबंधित का विद्युत कनेक्शन काट दिया जाता है। उन्होंने बताया कि बखिरा अमरडोभा व लेडुआ-महुआ में 25 बड़े बकाएदारों के बिजली के कनेक्शन काट दिए गए। अब बिल जमा करने पर ही इनके कनेक्शन जोड़े जाएंगे। अभियान में चंद्रिका प्रसाद, लल्लन, प्रभु गुप्ता, गुफरान आदि शामिल रहे।
--------
बिजली बिल जमा करने को शिविर आज
बखिरा। कस्बे के पंचायत भवन परिसर में बृहस्पतिवार को विद्युत निगम की तरफ से शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपखंड अधिकारी अजय मौर्या ने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं के बिल में सुधार के साथ ही बकाया बिल भी जमा किए जाएंगे। शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। शिविर का आयोजन अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार की देखरेख में किया गया है।