- 234 हिंदू जोड़ों को वैदिक मंत्र व 12 मुस्लिम जोड़ों को पढ़ाई गई निकाह
-विधायक, डीएम व एसपी ने कार्यक्रम में नव दंपतियों को दिए आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। खलीलाबाद और मेंहदावल में आयोजित कार्यक्रम में 234 हिंदू जोड़ों की वैदिक मंत्रों के बीच शादी कराई गई, जबकि 12 जोड़ों को मुस्लिम जोड़ों को मौलवी व काजी ने निकाह पढ़ाया।
खलीलाबाद मुख्यालय में जूनियर हाईस्कूल परिसर में हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विकास खंड सेमरियावां, बघौली, खलीलाबाद व खलीलाबाद नगर क्षेत्र के कुल 96 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ। जिसमें तीन मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। इसी प्रकार मेंहदावल तहसील में जनता वैदिक महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मेंहदावल, सांथा, बेलहर क्षेत्र के कुल 150 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज से सकुशल संपन्न हुआ। इसमें नौ मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों की शादी करवाना है जो शादी का खर्च स्वयं नहीं उठा सकते। उन्होंने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उपस्थित वर-वधू व उनके परिजनों से बातचीत कर विभाग से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, व्यवस्थाओं व उपहारों आदि के बारे में फीडबैक भी लिया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में उपहार स्वरूप लड़की के खाते में 35 हजार धनराशि सहित पायल, बिछिया, वर्तन सेट, वर वधू को कपड़ा, अटैची इत्यादि भेंट किया गया। इस दौरान विधायक अनिल त्रिपाठी, डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्त, पीडी संजय नायक, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार मौजूद रहे।
छह जोड़े मिले संदिग्ध, हटाए गए
जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में छह जोड़े ऐसे पाए गए जो सही नहीं थे। इन्हें संदिग्ध मानते हुए अधिकारियों ने चेतावनी देकर हटा दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि छह जोड़े संदिग्ध मिले, उनमें युवकों के आईडी कार्ड में अंतर पाया गया। इसलिए उन्हें विवाह से हटा दिया गया है।