डीएम ने सीवीओ और बीडीओ से मांगा स्पष्टीकरण
डीएम ने दोनों अफसरों की लापरवाही को माना गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मेंहदावल क्षेत्र के बौधरा पशु आश्रय केंद्र में भूख-प्यास और बीमारी से मरे 12 पशुओं के मामले में डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और बीडीओ से स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने पूूरे प्रकरण में दोनों अफसरों की लापरवाही का उल्लेख करते हुए नाराजगी भी जताई है।
बौधरा के पशु आश्रय केंद्र में 12 पशुओं की मौत के मामले में ‘अमर उजाला’ ने बृहस्पतिवार को खबर प्रकाशित की थी। डीएम रवीश गुप्ता ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और बीडीओ मेंहदावल को भेजे गए नोटिस में कहा है कि पशुओं की मौत के इस मामले में जानकारी दोनों अफसरों को देनी चाहिए थी, लेकिन समाचार माध्यमों से जानकारी मिली। अर्थात एक आप मुख्य दायित्व निर्वहन में आप विफल रहे। इसके बाद प्रकरण पर जानकारी के लिए कई बार टेलीफोन करना पड़ा। डीएम ने दोनों अफसरों से पत्र प्राप्ति के एक दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने का निर्देश दिए हैं। वहीं मेंहदावल एसडीएम प्रेेमप्रकाश अजोर ने कहा कि इस मामले में जिस भी स्तर से लापरवाही बरती गई है उसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पशु चिकित्साधिकारी हर दिन करेंगे निरीक्षण
संतकबीरनगर। बौधरा पशु आश्रय केंद्र में पशुओं के मौत के प्रकरण पर डीएम ने सीडीओ, डीपीआरओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सभी बीडीओ और मनरेगा के जिला समन्वयक को संयुक्त पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि पशु आश्रय केंद्र में रखे गए पशुओं की देखभाल की जिम्मेदारी जिन भी संस्थाओं की है वे इसका नियमित निरीक्षण करें। सभी पशु चिकित्साधिकारी अपने क्षेत्र के केंद्र का अनिवार्य रूप से प्रत्येक दिन निरीक्षण कर पशुओं की स्थिति की जानकारी रखें। वहां किसी प्रकार की दिक्कत होने पर संबंधित ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों व अन्य अफसरों को सूचित करें। साथ ही यह भी चेेतवनी दी है कि इस मामले में अफसरों की बजाय किसी अन्य माध्यम से लापरवाही की सूचना मिलने को अत्यधिक गंभीर मानते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।