संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में 15 अगस्त की तैयारियों के साथ ही वार्डों के विकास पर चर्चा की गई। वार्डों के विकास और सफाई पर जाकर दिया गया। तय किया गया पालिका क्षेत्र में कुल 5700 पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक सभासद को 200 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया।
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन श्यामसुंदर वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक की शुरूआत सभासद विनोद जायसवाल की माता के निधन पर शोक व्यक्त करते के साथ की गई। इसके बाद 15 अगस्त की तैयारियों पर चर्चा की गई।
चेयरमैन ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के दिन वृहद पौधरोपण कराया जाना है। इसके लिए नगर पालिका परिषद को 5700 पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें सभी सभासदों की भागीदारी हो।
तय किया गया कि प्रत्येक सभासद अपने-अपने वार्ड में 200 पौध लगाएं। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पॉलिथीन पर वैन लगा दिया गया है। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी है कि पॉलिथीन का प्रयोग रोकने में योगदान दें।
ईओ को निर्देश दिया गया कि समय-समय पर अभियान चलाकर चेक किया जाए कि कहीं पॉलिथीन का प्रयोग तो नहीं हो रहा है। साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर चेयरमैन ने कहा कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
मलिन बस्ती बगहिया, मटिहना, उस्का, मड़या आदि में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभासदों ने विकास का मुद्दा उठाया तो पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शासन को सड़क व नाली निर्माण सहित कई प्रस्ताव भेजे गए हैं। प्रकाश व्यवस्था को लेकर कहा कि जल्द ही जहां पर लाइटें खराब है, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
बैठक में ईओ बीना सिंह, सभासद विनोद जायसवाल, सुनील प्रजापति, राजू सिंह, शैलेष कुमार, उर्मिला देवी, राम शंकर, सीमा मिश्रा, रेहाना खातून, ऋषि यादव, साहिदा खातून, आशा देेवी, अवनीश सिंह, राजेश वर्मा, विपिन कुमार, कवलजीत, विद्या देवी आदि उपस्थित रहे।