संतकबीरनगर। गुरुवार की रात्रि से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी रही। इसके कारण शहर में जगह-जगह जल जमाव हो गया है। सड़कें कीचड़ से सराबोर हो गईं, ऐसे में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, हालांकि बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है, साथ ही धान की फसल के लिए भी यह बारिश फायदेमंद है।
पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई थी, जिसके कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। इस बीच गुरुवार की रात्रि में गरज के साथ जमकर बारिश हुई। बारिश का सिलसिला शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी रहा। ऐसे में सीएमओ दफ्तर, जूनियर हाईस्कूल परिसर, डाक बंगला के सामने आदि स्थानों पर भारी जल जमाव हो गया। डाकबंगला व गोलाबाजार के कुछ क्षेत्रों में तो नालियां ओवरफ्लो होकर बहने लगी, जिससे नाले का गंदा पानी सड़क की पटरियों तक फैल गया। इसके कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतें झेलनी पड़ी। दोनों तरफ के दुकानदार भी परेशान रहे, क्योंकि कीचड़ के कारण ग्राहक आने से कतराते रहे। दूसरी तरफ धान की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हुई है। किसान रविंद्र कुमार, राजेश कुमार ने कहा कि कई दिनों से बारिश नहीं हुई थी, जिसके कारण धान की फसल सूखने लगी थी, लेकिन अच्छी बारिश होने से अब धान की फसल तेजी से विकास करेगी।