21 निवर्तमान प्रधान दबाए बैठे हैं 72. 60 लाख रुपये
डीएम के आदेश के बाद जांच में उजागर हुई अनियमितता की रकम नहीं वसूल सका विभाग
डीपीआरओ ने एडीओ पंचायतों से मांगी सूची तो हकीकत सामने आई
बकाया जमा नहीं करने पर चुनाव लड़ने की मंशा पाले बकाएदार नहीं पाएंगे अदेयता प्रमाणपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले के अलग-अलग विकास खंडों की 20 ग्राम पंचायतों के 21 निवर्तमान प्रधानों पर 72,60,814 रुपये का बकाया है। शिकायत पर हुई जांच में अनियमितता पाए जाने पर डीएम की ओर से संबंधितों से रिकवरी कराए जाने के निर्देश दिए गए थे, जिसे अब तक विभाग वसूल नहीं कर पाया है। इधर, पंचायत चुनाव में डीपीआरओ की ओर से एडीओ पंचायतों से बकायेदारों की सूची मांगी गई तो हकीकत सामने आई। संबंधित बकायेदार यदि पंचायत चुनाव लड़ना चाह रहे होंगे तो बिना बकाया चुकता किए अदेयता प्रमाणपत्र जारी ही नहीं किया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के बकायेदारों की सूची तैयार कराए जाने के संबंध में डीपीआरओ की ओर से सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेजा गया था। ताकि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामांकन के समय जांच करने में सुविधा हो। 31 मार्च को सभी एडीओ पंचायतों की ओर से डीपीआरओ को बकायेदारों की सूची सौंपी गई। डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत हुई थी, उनमें डीएम की ओर से टीम गठित करके जांच कराई गई थी। जांच में जिन ग्राम पंचायतों में अनियमितता की बात सामने आई थी, वहां संबंधितों से रिकवरी कराए जाने का आदेश डीएम की ओर से दिया गया था। एडीएओ पंचायत की ओर से जो बकायेदारों की सूची दी गई है, उसमें विकास खंड हैंसर बाजार की रजनौली ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान राम मिलन यादव पर 25,312 रुपये का बकाया है। इसी तरह सांथा ब्लॉक क्षेत्र की जमयाताल ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान विंद्रावन 1,14,000 रुपये, पथरहट ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान राधेश्याम चौधरी पर 1,15,833.50 रुपये, खजुरी ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान फातमा खातून पर 5,58,891 रुपये, गौरीराई ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान प्रमोद साहनी पर 2,52,000 रुपये, गौरीराई ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान इंद्रावती पर 3,00,000 रुपये का बकाया है। जबकि बघौली ब्लॉक क्षेत्र की करौदा ग्राम पंचायत के निवर्र्तमान प्रधान निर्मला देवी पर 5,40,600 रुपये, भक्ठी ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान सुमित्रा देवी पर 1,80,000 रुपये, बिहारे ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान सत्य नारायण पर 90,000 रुपये का बकाया है। सेमरियावां विकास खंड की टेमा रहमत ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान साफिया खातून पर 2,89,435 रुपये, रक्वा देवई ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान राम सागर चौधरी पर 8816 रुपये, अहिरौली प्रथम ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान मनीराम पर 1,50,000 रुपये, मोहम्मदगढ़ ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान ललिता देवी पर 1,62,000 रुपये, अहिरौली द्वितीय ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान मजीदुन्निशा पर 1,50,000 रुपये का बकाया है। उसी ब्लॉक क्षेत्र में परफारमेंस ग्रांट में अनियमितता के मामले में निपनिया ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान अबूबकर 1,37,411 रुपये, बाघनगर की निवर्तमान प्रधान इमराना खातून पर 3,47,983 रुपये, भाटपारा ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान शहीदुन्निशा पर 4,15,769 रुपये, बन्नी ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान जुनैद अहमद पर 64,674 रुपये का बकाया है। विकास खंड नाथनगर की कोदवट ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान अमरजीत पर 3,24,000 रुपये का बकाया है। बेलहर कला ब्लॉक क्षेत्र की जंगल दशहर ग्राम पंचायत की निवर्तमान प्रधान शायदा खातून पर 18,000 रुपये, बरडाड़ पिपरी ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान ओरी पर 4,74,000 रुपये का बकाया है। डीपीआरओ ने बताया कि संबंधित निवर्तमान ग्राम प्रधानों से बकाए की धनराशि वसूल कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।