सेमरियावां। ब्लाॅक के ग्राम पंचायतों में नियुक्त व अनुपस्थित 21 पंचायत सहायकों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए डीपीआरओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत सेमरियावां ने ग्राम पंचायत में बैठक तिथि निर्धारित की है। ग्राम सचिव से शून्य व दस दिन से कम उपस्थिति दर्ज करने वाले पंचायत सहायकों पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिया है। बैठक में पंचायत सहायक की उपस्थिति जरूर हो, जिससे वह अपना पक्ष रख सकें।
शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों में सचिवालयों की स्थापना कर संचालन के लिए पंचायत सहायक, एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर की तैनाती की गई। सचिवालयों पर जन सेवा केंद्र खोल कर ग्रामीणों को जाति, आय, निवास, खतौनी आदि सुविधाएं मुहैया करानी हैं, लेकिन पंचायत सहायकों की मनमानी से सभी केंद्रों से ग्रामीणों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। शासन स्तर से यह भी व्यवस्था की गई है कि प्रतिदिन पंचायत सहायक मोबाइल एप पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
यूपी पीआरडी पोर्टल पर पंचायत सहायकों के जरिए दर्ज की गई उपस्थिति की समीक्षा की गई। पाया गया कि 10 पंचायत सहायकों ने दो माह से उपस्थिति दर्ज नहीं की है। 21 पंचायत सहायक ऐसे हैं, जो दोनों माह में दस दिन से कम उपस्थिति दर्ज किए हैं। कुछ पंचायत सहायक दोनों माह की अनुपस्थिति में शामिल हैं। इस लिए कुल 21 पंचायत सहायकों पर कार्रवाई के लिए बैठक की जाएगी। डीपीआरओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी ने 21 ग्राम पंचायत में 20 जून से 24 जून तक बैठक तिथि निर्धारित की है। बैठक में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों से पंचायत सहायकों की उपस्थिति व कार्यवृत्ति पर चर्चा की जाएगी। ग्राम पंचायत के निर्णय पर कार्रवाई की जाएगी।
इन ग्राम पंचायत में होगी बैठक
अगया, बुढ़ाननगर, तिनहरी माफी, छंगुरिया बगुलिया, देवरिया लाल, करमाडोमन, पैली खास, पुरैना, रजापुर सरैया, रक्शाकला, सालेहपुर,तेनुहारी अव्वल, उमिला, छाता, बढ़यामाफी, बत्सी बत्सा, बिगरा अव्वल, चंगेरा मंडेला, छपिया माफी, ढोढ़ई, वासिन आदि।