बेलहर। नगर पंचायत बेलहर कला में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बेलहर नगर पंचायत, मेंहदवाल नगर पंचायत, खलीलाबाद नगर पालिका से 21 जोड़ों की शादी समारोह धूमधाम से संपन्न हुई। समारोह में 25 जोड़ों की शादी होनी थी। चार जोड़े किसी कारण समारोह में शामिल नहीं हुए।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात फेरे लिए। दूल्हे गुलाबी पगड़ी में नजर आए, जबकि दुल्हनें लाल-गुलाबी पारंपरिक वेश में सजी थीं। मंगल गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रशासनिक कर्मी द्वारा सभी 21 जोड़ों को गृहस्थी का सामान एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
आयोजन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने नगर पंचायत बेलहर कला की व्यवस्था की सराहना की और इसे जनकल्याणकारी कदम बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र निषाद की पहल पर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।꧘