कुएं में गिरी फिसिंग कैट, सीढ़ी के सहारे निकलकर भागा
पुलिस व वन विभाग की टीम ने कुएं से निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
हरिहरपुर। खलीलाबाद ब्लॉक के महादेवा गांव के पास सूखे कुएं में गिरा फिसिंग कैट लोगों के कौतूहल का केंद्र बना रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने कुएं में सीढ़ी डालकर उसे बाहर निकाला। कुएं से निकलते ही फिसिंग कैट गन्ने के खेत में भाग निकला।
महादेेवा गांव निवासी संजय कुमार, दिलीप कुमार, राकेेेश चौधरी, लवकुश यादव ने बताया कि खेतों के बीच स्थित एक कुुएं में हलचल देख लोग वहां पहुंचे। कुएं में जंगली जानवर को देख लोगों ने तामेश्वरनाथ पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर जीएन पांडेय, रामदास यादव, सीताराम व वन विभाग के कर्मी वहां पहुंचे और कुएं में सीढ़ी डालकर फिसिंग कैट को बाहर निकाला। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस चौकी इंचार्ज जीएन पांडेय ने बताया कि मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने कुएं में गिरे जंगली जानवर को फिसिंग कैट बताया। प्रभागीय वनाधिकारी टी रंगा राजू का कहना है कि अगर फिसिंग कैट की गतिविधि फिर से आबादी वाले इलाकों में दिखती है तो उसे पकड़ने के लिए उपाय किए जाएंगे।