बेलहर। बखिरा थाना क्षेत्र के रमवापुर सीवान में गेहूं के खेत में बुधवार को बिजली की चिंगारी गिरने से आग लग गई। अचानक आग लगने से अफरातफरी का माहौल हो गया। आस-पास गांवों के ग्रामीण आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
बखिरा थाना क्षेत्र के रमवापुर सीवान में बुधवार की दोपहर 12 बजे बिजली के तार से चिंगारी गिरने से गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जैसे आग बढ़ती गई, वैसे ही उसका रूप विकराल होता गया।
ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गांव के राम लखन, राधेश्याम, राममिलन, पन्नालाल, चंद्रमा, गंगा, रामचरण, झनझन आदि की लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने राजस्व विभाग और बखिरा पुलिस को सूचना दे दी, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार, अगर दमकल गाड़ी समय पर पहुंच जाती तो इतना नुकसान नहीं होता।