महुली थाना क्षेत्र के खरवनिया कला गांव में नदी में डूबे शिवा उर्फ शिवानंद के रोते बिलखते परिजन ।
- फोटो : KHALILABAD
नदी में स्नान करते समय प्रधान पुत्र समेत दो किशोर लापता
गोताखोर कर रहे तलाश, एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के खरवनिया कला के प्रधान पुत्र समेत दो किशोर नहाते समय सोमवार को कठिनइया नदी में लापता हो गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश करा रही है।
खरवनिया कला की प्रधान नीतू सिंह का 14 वर्षीय पुत्र प्रांजल सिंह और संजय सिंह का 12 वर्षीय पुत्र शिवा व दो अन्य किशोर गांव के पश्विम तरफ कठिनइया नदी में स्नान करने गए थे। प्रांजल और शिवा नदी में उतर गए, लेकिन दो किशोर किनारे खड़े थे। उधर, स्नान करते समय प्रांजल और शिवा गहराई में चले गए। साथियों को डूबता देखकर किनारे खडे़ दोनों किशोरों ने शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। कुछ ग्रामीणों नदी में डूबे दोनों किशोरों को ढूंढने का भी प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। कुछ देर में तहसीलदार शशांक राय, एसओ प्रदीप कुमार सिंह, हल्का लेखपाल भी पहुंच गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों किशोर की तलाश करा रही है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। मंगलवार की सुबह टीम पहुंच जाएंगी।