संतकबीरनगर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाध्यक्ष परवेज खान की अध्यक्षता में राजीव गांधी स्वास्थ्य सेवा मिशन के तहत जिला अस्पताल में शिविर लगाया, जिसमें मरीजों की समस्याओं की जानकारी हासिल की गई। शिविर में ज्यादातर मरीजों ने अस्पताल से दवा न मिलने की शिकायत की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों की समस्याओं को पार्टी आलाकमान और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही। जिलाध्यक्ष परवेज खान ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद पूरे प्रदेश के जिला अस्पतालों में कार्यकर्ता मरीजों की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। कैंप में जिला अस्पताल की पूरी दुर्व्यवस्था सामने आ रही है। सैकड़ों मरीज एवं उनके परिवार का डाटा इकट्ठा किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरा अस्पताल भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और प्राइवेट पैथोलाजी वाले की भीड़ अस्पताल में ड्यूटी करने वाले हर चिकित्सक के केबिन में मौजूद है, इससे यह लगता है कि यहा के डॉक्टरों ने मरीजों की जेब काटने की पूरी तैयारी कर रखी है। कहा कि 90 प्रतिशत दवाएं बाहर से लिखी जा रही हैं। एक डायग्नोस्टिक अस्पताल का सिंडीकेट अंदर चल रहा है। मरीजों को पैरासिटामाल, कैल्शियम और मल्टी विटामिन के टैबलेट दिए जा रहे हैं। एक्सरे, सीटी स्कैन व अन्य जांच के लिए अस्पताल के बाहर भेजा रहा है। अस्पताल के डॉक्टर सीधे मेडिकल स्टोर पर पर्ची भेजकर दवा की खरीदारी करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर जल्द ही सीएमओ को एक ज्ञापन दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। कैंप में पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, जवाहर दुबे, मृत्युजंय चौबे, महिला जिलाध्यक्ष शांती देवी, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार पांडेय, अंबिका राय, राजू गौड़, ब्लॉक अध्यक्ष जैनेंद्र उपाध्याय, सत्येंद्र पांडेय, प्रमोद राय समेत अन्य मौजूद रहे।