चहेते फर्म से पुस्तक खरीदने का बनाया जा रहा दबाव
- प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होनी है पुस्तक की खरीद
- प्राथमिक शिक्षक संघ ने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक सोमवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में हुई। बैठक में बीएसए के जरिए प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में खरीदे जाने वाले पुस्तक को एक फर्म से खरीदने के जारी आदेश पर नाराजगी जताई गई। इस बाबत संघ के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने कहा कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों में प्राथमिक स्तर पर पांच हजार और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के लिए 10 हजार रुपये की धनराशि पुस्तक खरीद के लिए भेजी गई है। यह धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में आई है। शिक्षा निदेशक बेसिक ने शासनादेश में निर्देश दिया है कि पुस्तकों का क्रय विद्यालय प्रबंध समिति के जरिए किया जाना है। किसी भी व्यक्ति विशेष से पुस्तक क्रय न किया जाए। बीएसए ने हर ब्लॉक पर पुस्तक मेला की तिथि निर्धारित कर एक संस्था के जरिए ही पुस्तकों को खरीदने का दबाव बना रहे है। जो नियमानुसार गलत है और अनियमितता की श्रेणी में आता है। इसके साथ ही शासनादेश के अनुसार निर्धारित प्रकाशन की पुस्तकों की जगह अन्य प्रकाशन की पुस्तकें वितरित कराई जा रही है। मेले का आयोजन शासनादेश के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने डीएम ने मांग किया कि निर्धारित प्रकाशन की पुस्तकों को खरीदने के लिए किसी भी पुस्तक केंद्र से क्रय करने की स्वतंत्रता शिक्षकों को दी जाए। इस दौरान केसी सिंह, ओम प्रकाश यादव, रामशरन यादव, शोएब अहमद, महेंद्र सिंह, शिवानंद मिश्र, अरूण कुुमार यादव, शिवचरन गुप्त, रामनाथ यादव, मीरा भारती, नूतन राय, जफीर अली करखी समेत अन्य मौजूद रहे।