सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण, रोज लग रहा जाम
फोटो सहित
पटरियों पर सज गई हैं दुकानें, आना-जाना हुआ मुश्किल
स्कूलों में छुट्टी के दौरान अक्सर लगता है जाम
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में मुख्य मार्ग की पटरियां अतिक्रमण की चपेट में हैं। बैंक चौराहे से मधुकुंज चौराहे तक अतिक्रमण के चलते दिन में कई बार जाम लगता है। यही हाल मधुकुंज चौराहे से मेंहदावल बाईपास और जिला मुख्यालय की तरफ जाने वाली सड़क का है। नवंबर में नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कार्रवाई हुए बिना ही अभियान स्थगित कर दिया गया।
वर्तमान में शहर एक बार फिर अतिक्रमण की चपेट में है। स्थिति यह है कि गोलाबाजार में सड़क तक दुकानें सज गई हैं। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही हाल शुगर मिल चौराहा का है। बैंक चौराहा पर प्रतिदिन जाम की समस्या पैदा हो रही है। मधुकुंज चौराहा से मेंहदावल बाईपास तक सड़क की दोनों पटरियों पर कब्जा हो गया है। पुरानी सब्जी मंडी की स्थिति और भी बदतर है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल छूटने के समय होती है। जब स्कूलों में छुट्टी होती है तो स्कूल वाहन भी शहर में रहते हैं। सड़क की पटरियों पर कब्जा होने के कारण घंटों शहर जाम हो जाता है। नवंबर में नगर पालिका परिषद ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया था। इस दौरान जहां अतिक्रमण हटाए गए वहीं जुर्माना भी वसूला गया, लेकिन स्थिति अब फिर पुराने ढर्रें पर आ गई है। शहर निवासी दिनेश कुमार ने कहा कि पटरियों पर अतिक्रमण के कारण वाहन खड़ा करने के लिए भी जगह नहीं मिल रही है। शहर के ही निवासी राकेश कुमार ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हो गया है। आने-जाने में लोगों को दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी पालिका प्रशासन आंख बंद किए है। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की ईओ बीना सिंह ने कहा कि समय-समय पर अतिक्रमण हटवाया जाता है। नवंबर में अतिक्रमण हटाया गया और जुर्माना भी वसूला गया था। जल्द ही फिर से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि खुद ही अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।