सांथा (संतकबीरनगर)। मेंहदावल से सांथा जाने वाली सड़क पर करमाकला पुलिया के पास सड़क के किनारे बना गड्ढा पांच वर्ष बाद भी नहीं भरा गया। अक्सर ही इस गड्ढे की वजह से वाहन चालक हादसे का शिकार होते रहते हैं। पिछले वर्ष इस गड्ढे की वजह से हुए हादसे में एक युवक की मौत भी हो गई थी।
सांथा ब्लॉक क्षेत्र को तहसील मुख्यालय मेंहदावल से जोड़ने वाली सांथा-मेंहदावल मार्ग पर करमाकला गांव के पास पुलिया के नकजीक सड़क के किनारे एक गड्ढा बन गया है। लगभग पांच वर्षों से यह गड्ढा भरा नहीं गया है। पिछले वर्ष भटौरा गांव की प्रधान सुधारी देवी के पुत्र रामसागर की सड़क पर बने इस गड्ढे में गिर जाने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्राम प्रधान यतीन्द्र उर्फ सोनू चौबे, बबलू चौधरी, ज्ञानचंद चौधरी, धीरज चौधरी, बाबूलाल विश्वकर्मा, अहमद सुहेल रहमानी, अतीक अहमद, हबीबुरहमान आदि का कहना है कि इस गड्ढे को भरने के लिए लोक निर्माण विभाग के अफसरों को कई बार सूचित किया गया है। परंतु अफसर इस पर ध्यान नहीं दे रहे। सर्दी के मौसम से पहले गड्ढा नहीं भरा गया तो फिर कोई बड़ा हादसा हो सकता है।