धनघटा (संतकबीरनगर)। एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में शनिवार को महुली कस्बे में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान महुली कस्बे की बाजार पूरी तरह से बंद रही। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर गए लेकिन प्रशासन की सख्ती को देख विरोध के स्वर नहीं उठ पाए। जेसीबी लगाकर कई दुकानों के अवैध पक्के चबूतरों को तोड़ दिया गया। कुछ दुकानें भी अतिक्रमण हटाओ अभियान की चपेट में आ गईं।
तहसील प्रशासन ने तीन दिन पूर्व महुली में अवैध अतिक्रमण चिन्हित करके उसे हटाने की चेतावनी दिया था। शुक्रवार को अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटाने के लिए लाउडस्पीकर से चेतावनी भी दी गई थी। शनिवार को अतिक्रमण पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की जानकारी होते ही कस्बे के दुकानदार सड़क पर उतरने लगे। मामला गंभीर होने की भनक मिलते ही मौके पर एसडीएम बाबूराम, सीओ अशोक कुमार मिश्र और इंस्पेक्टर ईश्वर चन्द्र प्रधान भी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। मुखलिसपुर पुलिस चौकी और मोलनापुर चौकी पुलिस को भी एहतियात के तौर पर बुला लिया गया। भारी पुलिस बल देख व्यापारियों का विरोध ठप हो गया। मुख्य चौराहे से लेकर दुर्गा मंदिर के आगे तक अतिक्रमण में पड़ने वाले सभी दुकानों को तोड़ दिया गया। बाजार को भी अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। एसडीएम बाबूराम व सीओ अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि कस्बे के सभी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। स्वेक्षा से लोग सड़क के आस पास से अतिक्रमण हटा दे अन्यथा उनके सामान की क्षति तो होगी ही साथ अतिक्रमण में आने वाला खर्च भी उनसे वसूल किया जाएगा।