धर्मसिंहवा। ईद मिलादुन्नबी पर धर्मसिंहवा कस्बे में मुस्लिम समाज की तरफ से निकाले जाने वाले जुलूस में गुटबाजी को लेकर धर्मसिंहवा पुलिस काफी सतर्क है। दोनों पक्षों के लोगों के साथ पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारी बैठक कर चुके हैं। वहीं जुलूस के शुरुआत और समाप्ति के स्थल को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क देते आ रहे हैं। पुलिस ने शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए दोनों पक्षों से 18 लोगों को पाबंद किया है।
ईद मिलादुन्नबी के पर्व पर धर्मसिंहवा में निकलने वाला जुलूस पिछले कुछ सालों से विवादों में घिरा हुआ है। दारूल उलूम अहमदिया मेराजुल उलूम के पूर्व प्रधानाचार्य मौलाना अली अहमद पक्ष और वर्तमान प्रबंधक जिला पंचायत सदस्य अकबाल अहमद के पक्ष के लोग जुलूस के शुभारंभ स्थल और समाप्ति स्थल को लेकर आमने-सामने दिख रहे हैं। पहले जुलूस की अगुवाई कौन करेगा इस पर भी विवाद था, लेकिन यह विवाद पूर्व में समाप्त हो गया।
अब जुलूस समापन स्थल जहां पर अकीदतमंद दुआ पढ़ेंगे इसको लेकर कई बार बैठक और पंचायत हो चुकी है। पूर्व प्रधानाचार्य मौलाना अली अहमद का कहना है वे परंपरा के अनुसार पूर्व की भांति अपने आवास के सामने दुआ पढ़ते रहे हैं तो वहीं पर दुआ होगी। जबकि वर्तमान प्रबंधक अकबाल अहमद का कहना है कि यह जुलूस मदरसे से संबंधित है, तो यह मदरसे के जमीन मेराज मंजिल पर ही इसका समापन होगा।
इस मामले में थानाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह का कहना है कि पूर्व में जो परंपरा हमारे त्योहार रजिस्टर में दर्ज है, उसी के अनुसार कार्यक्रम किया जाएगा। संवाद