संतकबीरनगर। मगहर स्थित बंद पड़ी कताई मिल में टेक्सटाइल पार्क बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए जमीन का सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वे में सामने आया है कि उपलब्ध 34 एकड़ जमीन के अलावा करीब 18 एकड़ और भूमि की आवश्यकता होगी। इसके लिए प्रशासन ने आसपास के किसानों से वार्ता शुरू कर दी है। सहमति बनने के बाद भूमि की व्यवस्था कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर की बंद पड़ी कताई मिल को टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। वर्ष 2020-21 में जिले के होजरी उद्योग को एक जिला एक उत्पाद योजना में भी शामिल किया गया था। जिले के खलीलाबाद, अमरडोभा, मुखलिसपुर, नाथनगर, काली जगदीश, महुली और हरिहरपुर समेत कई क्षेत्रों में होजरी उद्योग संचालित हैं। इससे करीब ढाई हजार परिवार जुड़े हुए हैं।
शासन की घोषणा के बाद हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की ओर से कताई मिल परिसर की जमीन का सर्वे कराया गया। इसमें करीब 34 एकड़ जमीन उपलब्ध होने की बात सामने आई। टेक्सटाइल पार्क के लिए करीब 18 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताई गई है। दो दिन पहले डीएम अनुज मलिक ने मौके पर पहुंचकर आसपास के किसानों से भूमि को लेकर वार्ता की। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही आवश्यक जमीन की व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद टेक्सटाइल पार्क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।