संतकबीरनगर। जिले में आवास विकास परिषद की ओर से आवासीय कॉलोनी बनाई जाएगी। 50 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस कॉलोनी के लिए भूमि चयन का निर्देश दिया गया है। सरकारी भूमि नहीं मिलने की स्थिति में परिषद द्वारा भूमि खरीदी जाएगी। इसका उचित मुआवजा भी भू-स्वामियों को दिया जाएगा।
यह जानकारी आवास, शहरी नियोजन तथा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग राज्यमंत्री सुरेश पासी ने बृहस्पतिवार को खलीलाबाद में पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने कहा कि यह कॉलोनी आबादी के निकट प्राइम लोकेशन पर होगी, ताकि आवंटियों को वहां बसने में असुविधा न हो। मंत्री जिले के भ्रमण पर थे और उन्होंने आवास विकास परिषद के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने परिषद द्वारा मगहर में बन रही 30 बेड की डॉरमेट्री (बड़ा हाल) की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही 24 करोड़ से बनने वाली संत कबीर एकेडमी की प्रगति की समीक्षा की। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि एक अक्तूबर को इसका टेंडर खुलेगा। बैठक में शहर के विकास के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।