ट्राली पलटने से हुई दुर्घटना के बाद जिला अस्पताल में पहुंचे घायल लोग । संवाद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बरदहिया ओवरब्रिज के पास बुधवार की देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें सवार 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 घायलों का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। वहीं सात घायल जिनको हल्की चोटें आई थीं, उनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जंगल ऊन के बहुरहवा गांव के निवासी नंदलाल के यहां बच्चे के मुंडन का कार्यक्रम था। बुधवार को परिवार के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए गोरखपुर के तरकुलहा देवी स्थान पर गए थे। बुधवार की देर शाम यह सभी लोग मुंडन कार्यक्रम से लौट रहे थे। अभी उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बरदहिया ओवर ब्रिज के पास पहुंची ही थी कि अचानक ट्रॉली का एक पहिया निकल गया और ट्राली गति तेज होने की वजह से पलट गई।
इसमें ट्राॅली पर सवार 17 लोग घायल हो गए। आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए सभी लोगों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। इनमें से 9 का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस भेज दिया गया।