सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटाने के लिए चला अभियान
अमर उजाला इम्पैक्ट
एएसपी, सीओ और ईओ के नेतृत्व में हटाए गए अतिक्रमण
फोटो है
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मुख्य मार्ग की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासन ने सड़क की दोनों पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दुबारा अतिक्रमण किया तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
अमर उजाला ने 15 फरवरी के अंक में पटरियों पर अतिक्रमण, सड़क पर जाम शीर्षक से अतिक्रमण को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सुबह से ही अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक असित श्रीवास्तव, सीओ रमेश कुमार व नगरपालिका परिषद खलीलाबाद की ईओ बीना सिंह के नेतृत्व में टीम ने मेंहदावल चौक से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। भारी पुलिस फोर्स के साथ नगर पालिका कर्मी ट्रैक्टर ट्राली व जेसीबी के साथ निकले तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने टीम के आगे बढ़ने के दौरान खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। टीम ने मुखलिसपुर चौक, गोलाबाजार, बैंक चौराहा सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क की दोनों पटरियों से अतिक्रमण को पूरा तरह से हटा दिया। इससे शहर में जाम की समस्या से निजात मिलने की संभावना है।
एएसपी असित श्रीवास्तव ने कहा कि अतिक्रमण हटा दिया गया है। यदि कोई फिर अतिक्रमण करेंगा तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। ईओ बीना सिंह ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।