बखिरा (संतकबीरनगर)। शनिवार को पशु चिकित्सकों की टीम ने अमरडोभा चौराहे पर पहुंचकर मुख्य मार्ग स्थित सड़क के किनारे से मीट की दुकानों को तीन दिन के भीतर हटाने का डीएम का फरमान सुनाया। टीम ने मीटशॉप संचालकों को लाइसेंस भी बनवाने का निर्देश दिया। पशुचिकित्सा अधिकारी आरके पटेल के साथ चौकी इंचार्ज प्रदीप सिंह भी रहे।
आरके पटेल ने बताया कि शासनादेश है कि कोई भी मीट शाप खुले में सड़क के किनारे नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य व सुरक्षा की दृष्टि से नियमों का पालन करना दुकान संचालकों की जिम्मेदारी है। इसी दिशा निर्देश के क्रम में डीएम ने मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को सड़क किनारे मौजूद मीट शॉप को हटाने का आदेश दिया है। आरके पटेल ने बताया कि डीएम के आदेशानुसार तीन दिन पूर्व ही मौके की जांच करके समस्त मीट संचालकों को नोटिस दिया गया था, किन्तु किसी ने भी सड़क किनारे से दुकानों को हटाने की जहमत नहीं उठाई। शनिवार को आकर पुन: सभी मीट शॉप के दुकानदारों को तीन दिन के भीतर हटाने का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया कि समस्त दुकानदारों की निर्देश दिया गया है कि जिसके पास लाइसेंस न हो वह मुख्यालय पर आकर लाइसेंस जरूर बनवा ले। इस दौरान पशुधन अधिकारी रामनरायन, चौकी इंचार्ज प्रदीप सिंह, एसआई जयप्रकाश, ओमप्रकाश, सत्यवीर रहे।