बिना लॉक के बाइक बाजार में खड़ी करना परेशानी में डाल सकता है। बढ़ती चोरी की वारदातों को देखते हुए पुलिस ने अब ऐसे वाहनों को थाने ले जाना शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने ऐसी ही 16 बाइकों को कब्जे में लिया। यह सभी बाइकें मालिकों को चालान भरने के बाद ही मिलीं।
गोडही निवासी अभय कुमार की बाइक बैंक ऑफ बडौदा के सामने बिना लॉक खड़ी थी। पुलिस बाइक को बैंक के पास से उठवा कर कोतवाली लाई।
जबकि सीहापार निवासी नवीन कुमार कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में काम करते है। केंद्र के पास बिना लॉक के बाइक खड़ी किए थे, जिसे पुलिस कोतवाली ले गई।
इसी तरह देवरिया गंगा निवासी आर एन मौर्य ने भी पंजाब नेशनल बैंक के सामने बिना लॉक के बाइक खड़ी किए थे और बाइक गायब देख कर भौंचक रह गए।
बाद में उन्हें पता चला कि पुलिस बाइक को उठा कर कोतवाली ले गई। दरुआजप्ती निवासी इंद्रेश गांव के एक व्यक्ति की बाइक मांग कर खलीलाबाद लाए थे।
बाइक लॉक नहीं किए थे। पुलिस उनकी भी बाइक उठा ले गई। ऐसे तमाम लोग कोतवाली आए थे, जिन्होंने अपनी बाइक में लॉक नहीं लगाया था।
इन सभी को बाइक को वापस मिली पर इनको इसके लिए चालान भरना पड़ा। साथ ही पुलिस ने हिदायत भी दी की अगली बार लॉक नही लगाया तो बाइक सीज कर दी जाएगा।
प्रभारी कोतवाल दिनेश यादव ने बताया कि बाइक चोरी की घटनाओं में देखते हुए बाजार में बिना लॉक के खड़ी बाइक के खिलाफ अभियान चलाया। पहले ही दिन 20 बाइकें अनलॉक मिलीं।