बोलेरो की चपेट में आने से दो लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। धनघटा थाना क्षेत्र के राम जानकी मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम मलौली के पास बाइक सवार बोलेरो की चपेट में आ गया। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक गिर कर घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल मलौली ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
धनघटा क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी आकाश (26) व महुली थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी राजू (25) एक बाइक पर सवार होकर हैंसर बाजार से धनघटा की तरफ जा रहे थे। वह सीएचसी मलौली के सामने पहुंचे थे, उसी दौरान धनघटा की तरफ से आ रही बोलरो की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। बोलेरो चालक गाड़ी के साथ भाग निकला। घायलों को लोग सीएचसी मलौली ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।