अब कोटेदारों के दुकान तक सीधे पहुंचेगा राशन
- अधिकारियों को वाहन का प्रबंध कराने का डीएम ने दिया निर्देश
- कहा- स्कूल चलो अभियान में 10 प्रतिशत नामांकन बढांए
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले में अब कोटेदारों को राशन सीधे उनकी दुकान तक पहुंचाया जाएगा। अब उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर ब्लॉक के गोदाम तक नहीं आना होगा। डीएम रवीश गुप्त ने इसकी व्यवस्था के लिए वाहनों का प्रबंध शीघ्र करने का निर्देश डिप्टी आरएमओ तथा जिलापूर्ति अधिकारी को दिया है।
डीएम ने बताया कि जिले में 30 हजार राशन कार्ड कम मिले हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अतिशीघ्र प्रकाशक से मंगवाकर वितरण कराएं। 40 हजार कार्ड जो त्रुटिपूर्ण मिले हैं उन्हें ठीक कराने के लिए संसाधन बढाएं और 15 दिन में कार्ड सही कराकर रिपोर्ट दें।
स्कूल चलो अभियान के बारे में डीएम ने सख्त हिदायत दी कि पिछले वर्ष की तुलना में कम से कम 10 प्रतिशत अधिक नामांकन पूरा कराया जाए। साथ ही ड्राप आउट बच्चों का पुन प्रवेश कराया जाए। सुनिश्चित करें कि स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों को पाठ्य पुस्तकें मिल जाएं। डीएम ने शिक्षा का अधिकार के अंतर्गत चयनित सभी 60 बच्चों की सूची देने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूल में प्रवेश पाए सभी बच्चों को आधार कार्ड से जोड़ने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक 92 प्रतिशत बच्चों का नाम आधार कार्ड से जुड़ा है।