कलेक्ट्रेट में सभासद पद के लिए मतगणना कराते एसडीएम सदर।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। अपर जिला जज के आदेश पर शुक्रवार को खलीलाबाद नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 त्रिपाठी मार्केट के सभासद पद की पुन: मतगणना कराई गई। कलेक्ट्रेट स्थित अपर एसडीएम कोर्ट में हुई इस मतगणना में पिछली बार के पराजित उम्मीदवार पंकज कुमार इस बार एक मत से जीत गए। शुक्रवार को हुई मतगणना में चार बार दोनों पक्षों को बराबर मत मिले। देर शाम एएसडीएम ने पंकज कुमार को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
शहर के वार्ड नंबर 14 त्रिपाठी मार्केट के सभासद पद पर आम चुनाव में एक मत से अवनीश सिंह विजेता बने थे। इसके खिलाफ दूसरे नंबर पर रहे पकंज कुमार ने जिला एवं सत्र न्यायालय में अपील दाखिल की थी। मामले की सुनवाई करते हुए अपर जिला जज राकेश पांडेय ने पुन: मतगणना का आदेश दिया था। साथ ही इस बात का भी निर्देश दिया था कि एसडीएम स्तर के अफसर की मौजूदगी में सीसीटीवी कैमरे के सामने मतगणना कराई जाए। डीएम रवीश गुप्त के निर्देश पर एसडीएम एसपी सिंह ने शुक्रवार की दोपहर में मतगणना कराई। इस वार्ड में कुल 690 मत पड़े थे। पहले चार बार हुई मतगणना में अवनीश सिंह व पंकज कुमार को बराबर मत मिले। पांचवीं बार की गणना में पंकज कुमार को एक मत से विजेता घोषित किया गया। एसडीएम एसपी सिंह ने बताया कि पंकज को 192, अवनीश को 191, इंद्रा पांडेय को 52, कौशिल्या को शून्य, धर्मेंद्र को 69 और राजू को 168 मत मिले। एक मत नोटा का था जबकि 17 मत अवैध थे। पंकज कुमार को विजेता घोषित किए गए। एसडीएम ने बताया कि मतगणना की रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। इस दौरान सीओ सदर रमेश कुमार, एडीएम के लिपिक योगेंद्र चौधरी, मुन्ना पांडेय, सुनील प्रजापति, राजू सिंह, ऋषि यादव, डब्बू आदि मौजूद रहे।