संतकबीरनगर। कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में डीपीआरओ ने सांथा व सेमरियावां ब्लॉक के एक-एक सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में दोनों सफाईकर्मी जिला मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे। इन पर अपनी तैनाती वाले गांवों में सफाई कार्य न करने एवं अनुपस्थित रहने का आरोप है।
डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सांथा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पथरहट में तैनात सफाईकर्मी रमेश कुमार को दायित्व निर्वहन में लापरवाही, उपस्थिति पंजिका प्रस्तुत नहीं करने एवं ग्राम पंचायत में गंदगी रहने के कारण निलंबित किया गया है। इसी प्रकार सेमरियावां ब्लॉक के ग्राम पंचायत सैथवलिया सुटेहरा में तैनात सफाई कर्मी गुड़िया देवी को भी दायित्व निर्वहन में लापरवाही, तैनाती स्थल से पलायित रहने, फर्जी पेरौल जमा कर वेतन आहरण करने, अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने एवं मई महीने से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित किया गया है। डीपीआरओ ने इन दोनों ग्राम पंचायतों से मिली शिकायतों के बाद जांच की थी, जिसमें सफाई कर्मियों पर लगे आरोपों की पुष्टि हुई थी। निलंबन अवधि में दोनों सफाई कर्मियों को डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
सांथा ब्लॉक में भी दो के निलंबन का आदेश दिया
संतकबीरनगर। सांथा ब्लॉक में शौचालय निर्माण व सफाई कार्य की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा डीपीआरओ की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान ग्राम पंचायत गौरीराई एवं पथरहट के खाता संचालन पर लगी रोक हटाने के लिए जांच आख्या देने का निर्देश दिया गया। सभी ग्राम पंचायतों में आवंटित शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, सफाई एवं पॉलीथिन पर निगरानी के लिए एडीओ पंचायत को प्रत्येक दिन चार ग्राम पंचायतों के निरीक्षण का निर्देश दिया गया। बैठक में अनुपस्थित तीन सचिवों से जवाब तलब करने एवं दो ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों को निलंबित करने का भी निर्देश दिया गया।
डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत गौरीराई एवं पथरहट में ग्राम निधि के खाता संचालन पर लगी रोक का जिक्र किया गया। एडीओ पंचायत से दोनों ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण की जांच आख्या मांगी गई। कार्य के आधार पर खाता संचालन की अनुमति दी जाएगी। निलंबित ग्राम पंचायत सचिव राजमन ने अभी तक दूसरे सचिवों को चार्ज नहीं दिया है जिसके लिए निलंबित सचिव राजमन का जीवन निर्वाह भत्ता रोकने एवं उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। ग्राम पंचायत सचिवों के कार्य क्षेत्र आवंटन में मनमानी पर नाराजगी जताते हुए सभी को समानुपातिक तरीके से कार्य क्षेत्र आवंटन के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया।