युवती जिद पर अड़ी तो थाने में कराई गई शादी
युवती से मिलने गए प्रेमी को घरवालों ने पीटकर पुलिस को सौंपा था
खुद के बालिग होने का हवाला देकर प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी को बृहस्पतिवार की रात घरवालों ने पकड़ लिया और पिटाई के बाद धनघटा पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को थाने पहुंची प्रेमिका ने खुद के बालिग होने का हवाला देकर थाने में बैठाए गए प्रेमी से विवाह की जिद पर अड़ गई। आखिरकार पुलिस को थाना परिसर के मंदिर में शादी करानी पड़ी। इस दौरान दोनों के घरवालों के साथ अन्य लोग भी मौजूद रहे।
धनघटा क्षेत्र की एक युवती का प्रेम संबंध बस्ती जिले के मुंडेरवा क्षेत्र के कड़सरी गांव निवासी एक युवक से था। लड़की के गांव में लड़के की रिश्तेदारी होने के कारण दोनों अक्सर मिला करते थे। बृहस्पतिवार की रात में युवक प्रेमिका से मिलने आया हुआ था। प्रेमिका के परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने पहले तो प्रेमी की पिटाई की, इसके बाद 100 नंबर पर सूचना देकर युवक को पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को प्रेमिका धनघटा थाने पहुंची और कहा कि वह बालिग है और इसी युवक से शादी करेगी। थाने में घंटों हुई पंचायत के बाद दोनों के परिजन इस रिश्ते पर सहमत हो गए। इसके बाद प्रभारी एसओ विवेकानंद तिवारी की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विवाह कराया गया। इस दौरान दोनों के घर वाले मौजूद रहे।