स्टाक रजिस्टर, लाइसेंस की जांच की, तहसीलवार टीम बनाई गईं
फोटो है
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। बाराबंकी में कच्ची शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को डीएम रवीश गुप्त ने शहर की शराब की दुकानों पर छापेमारी कर स्टाक रजिस्टर और लाइसेंस को चेक किया।
डीएम रवीश गुप्त ने पीडब्लूडी डाक बंगला, मुखलिसपुर तिराहा और मेंहदावल बाईपास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकानों पर छापेमारी की। स्टाक रजिस्टर का मिलान कर दुकान के लाइंसेंस की जांच की। डीएम ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री होते पाई गई तो क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले की सभी 195 दुकानों की जांच की जानी है। इसके लिए तहसीलवार तीन टीमें गठित कर दी गईं हैं। सभी टीम का नेतृत्व एसडीएम करेंगे। दुकानों की जांच का शेडयूल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम दुकानों की जांच कर उसकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इसके बाद डीएम आबकारी कार्यालय पर पहुंचे और वहां पर स्टाफ की स्थित जानी। जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले में मात्र एक आबकारी निरीक्षक की तैनाती है। आबकारी अधिकारी ने बताया कि सभी दुकानें जीपीएस से जुड़ीं हैं। डीएम के निरीक्षण से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा है।