मुकुंदपुर चौराहे पर हाई वोल्टेज सप्लाई का तार खींचने को लेकर महुली पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणो से बात करते बिजली विभाग एसडीओ और जेई
- फोटो : अमर उजाला
हरिहरपुर। मंगलवार को महुली क्षेत्र के मुकुंदपुर चौराहे पर घनी आबादी के बीच से खींचे जा रहे 33 हजार वोल्ट के तार को ग्रामीणों ने रोक दिया। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों को विरोध देखकर वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार मना करने के बावजूद विभागीय अधिकारी बिना नक्शा व रूट चार्ट के आबादी के बीच से एलटी लाइन के खंभों पर ही एचटी लाइन की सप्लाई के लिए प्रयास कर रहे हैं।
विद्युत उपकेंद्र पौली के लिए 33 हजार वोल्ट की सप्लाई का तार मुकुंदपुर, नटवा, हटवा, औसानीपुरवा सहित कई गांवों की घनी आबादी से होते हुए खींचा जा रहा है। जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी। मंगलवार की दोपहर बाद एसडीओ और मुखलिसपुर उपकेंद्र के जेई मिथिलेश महुली पुलिस के साथ ग्रामीणों को समझाने पहुंचे। मौके पर मौजूद मुकुंदपुर के ग्राम प्रधान चंद्रदेव शुक्ल, शिवाजी शुक्ल, महावीर प्रसाद शुक्ल, ग्रीशचंद्र शुक्ल, हरिद्वार शुक्ल, रवींद्र यादव, रमेश यादव, मुन्नीलाल, नेबूलाल आदि का कहना है कि किसी भी कीमत पर वे लोग हाई वोल्टेज का तार आबादी के बीच से नहीं ले जाने देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में घरेलू बिजली के लिए खींची गई एलटी लाइन के खंभों पर ही हाई वोल्टेज की सप्लाई का तार ले जाना काफी खतरनाक है जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी रूट चार्ट या नक्शा सर्वे के बिजली विभाग के अधिकारी व ठेकेदार आबादी से जबरिया तार खींच रहे हैं। लोगों ने इस मामले में डीएम से हस्तक्षेप की मांग की है।