जीपीएफ घोटाले की सीबीआई जांच की मांग
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने सीएम को पत्र भेजकर जांच की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षकों के जीपीएफ फंड का प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने संतकबीरनगर जिले के शिक्षकों के जीपीएफ फंड की सीबीआई जांच कराने की मांग सीएम से की है। उन्होंने सीएम को पत्र भेजकर कहा कि जीपीएफ प्रकरण में जिले में गडबड़ी की गई है। जिसके कारण अधिकारी बस्ती व सिद्धार्थनगर के कोषागार में जमा धन के हस्तांतरण से बच रहे हैं।
जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले को 21 साल से दबाए रखा गया है, लेकिन अब हम चुप नही बैठेंगे, क्योंकि मामला संतकबीरनगर जनपद के 29 सहायता प्राप्त माध्यमिक व 11 संस्कृत स्कूलों के शिक्षकों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। जीपीएफ प्रकरण को लेकर शिक्षा निदेशक माध्यमिक, संयुक्त शिक्षा निदेशक , उप शिक्षा निदेशक, मंडलायुक्त बस्ती, जिलाधिकारी संतकबीरनगर/सिद्धार्थनगर व बस्ती से मुलाक़ात कर यथोचित कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन मामले का कोई नतीजा नही निकला। उन्होंने कहा कि एचआर इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद, नेहरू इंटर कालेज, पी बी कन्या इंटर कॉलेज, मगहर, बखिरा, सिहटीकर, जगतगुरु मेंहदावल, डीएवी मेंहदावल, कुसुरुखुर्द, दुधारा, मुड़ाडीहा वेग, पंचपोखरी, बेलहर स्थित विद्यालयों कई लाख रूपये बस्ती कोषागार में जमा है। इसी तरह से अन्य विद्यालयो के जीपीएफ फंड का पैसा बस्ती और सिद्घार्थनगर के कोषागार में जमा है। इन पैसो को वापस नहीं मंगाया जा रहा है। उन्होंने सीएम से पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है।