- पीएचसी और सीएचसी का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर, ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रहे हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर लोग 14 प्रकार की जांच निशुल्क करा सकेंगे। इसके लिए पीएचसी और सीएचसी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। लोगों को जांच के साथ इलाज की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए जनपद के 268 हेल्थ वेलनेस सेंटर पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ग्रामीण इलाके में जांच और इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इन सेंटरों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की भी तैनाती की गई है। अब लोगों को टीबी, हेपेटाइटिस बी, गर्भावस्था की जांच, डेंगू मलेरिया, फाइलेरिया सहित 14 तरह की जांच की सुविधा मिलेगी, जबकि पहले करीब आधा दर्जन जांच की सुविधा मिलती थी। जांच की संख्या बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्र की आबादी को जिला अस्पतालों या फिर निजी अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
इन जांच की मिलेगी सुविधा
- हिमोग्लोबिन
- डेंगू
- मलेरिया रैपिड
- सिफलिस के लिए वैरेनल डिजीज रिसर्च लेबोरेटरी
- गर्भावस्था
- एचआईवी
- हेपेटाइटिस- बी सरफेस ऐंटिजन
- टीबी
- ब्लड शुगर
- फाइलेरिया
- आयोडीन की जांच
- पानी में फैकल कांटेमिनेशन
पहले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कम ही जांच की सुविधा थी। अब ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शासन की तरफ से सेंटरों पर 14 प्रकार की निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
- डॉ. रामानुज कन्नौजिया,
सीएमओ