संतकबीरनगर। सिद्धार्थनगर जनपद निवासी एक व्यक्ति से दुधारा थाना क्षेत्र निवासी आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 40 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस ने मामले में न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन के आदेश पर मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित अताउल्लाह निवासी मुहम्मदपुर त्रिलोकपुर, सिद्धार्थनगर ने कोर्ट को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह एवं उनके गांव के सहादुद्दीन विदेश जाने के इच्छुक थे। उन लोगों को जानकारी हुई कि मोहम्मद तारिक निवासी दुधारा लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है। वह लोग तारिक से आकर 11 अगस्त 2024 को उनके गांव आकर मिले और उनके कहने पर विभिन्न तिथियों में एक लाख 40 हजार रुपये उनके बताए बैंक खाते में भुगतान कर दिया।
इसके बाद तारिक ने दुबई का वीजा उन लोगों को दे दिया। जिसकी जांच कराने पर पता चला कि वीजा फर्जी है। 15 दिसंबर 2025 को अपने रुपये की मांग किया तो उसने गाली दी। साथ ही जानमाल की धमकी भी दी। एसओ ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।