देवरिया में हुई कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप
अब तक 14 फर्जी शिक्षकों पर हो चुकी है कार्रवाई
एक और शिक्षक पर लटकी है बर्खास्तगी की तलवार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बीएसए कार्यालय देवरिया में शनिवार को एसटीएफ की कार्रवाई के बाद जिले के बीएसए कार्यालय में भी हड़कंप मचा हुआ है। एसटीएफ की रिपोर्ट पर पिछले एक साल में जिले में 14 शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। इसके साथ ही उन पर केस भी दर्ज हुआ है। इधर, बीएसए कार्यालय के कर्मी देवरिया में हुई एसटीएफ की कार्रवाई के बाद सकते में हैं।
प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद बड़े पैमाने पर फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश जारी हुए। महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान और एसटीएफ लखनऊ की टीम ने सूची भेजकर शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच कराई। इसमें जिले में 14 शिक्षक फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करते हुए पाए गए। इन शिक्षकों को अलग-अलग तिथियों में निलंबित किया और जवाब न देने पर बाद में बर्खास्त कर दिया गया। इसके साथ ही संबंधित थानों में केस भी दर्ज हुआ। विभाग के लोगों की मानें तो अभी और भी शिक्षक है जो दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी कर रहे हैं। फिलहाल, बीएसए कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक एक शिक्षक पर फर्जी तरीके से नौकरी करने का आरोप है। उसे एक माह पूर्व निलंबित भी किया जा चुका है। जल्द ही उस शिक्षक को बर्खास्त किया जाएगा। इसके साथ ही एक शिक्षक के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच चल रही है। देवरिया में एसटीएफ ने लेखाधिकारी समेत 17 कर्मियों पर केस दर्ज कराया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से जिले में भी हड़कंप है। बीएसए कार्यालय के कर्मियों के मुताबिक जल्द ही एसटीएफ जिले में भी आ सकती है।
कोट
एसटीएफ की सूची के अनुसार 14 शिक्षक फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करते हुए पाए गए थे। इनको बर्खास्त किया चुका है। एक शिक्षक को निलंबित करते हुए जवाब मांगा गया है। इसके साथ ही एक शिक्षक के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें जो भी फर्जी पाया जाएगा उसे बर्खास्त किया जाएगा।
-सत्येंद्र कुमार सिंह, बीएसए