संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक में एईएस के पांच मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि मरीज जिला अस्पताल से इलाज कराकर वापस घर लौट चुके हैं। एहतियातन स्वास्थ्य महकमा मरीजों की लगातार निगरानी रख रहा है। इसके लिए टीम भी गठित की गई है। संबंधित गांवों में फॉगिंग भी शुरू करा दी गई है।
नगर पालिका खलीलाबाद के भिटवा टोला में तीन वर्ष बच्ची और मटिहना में डेढ़ वर्ष की बच्ची को बुखार आया तो परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां पर जांच में एईएस की पुष्टि हुई। इसी के साथ ही खलीलाबाद ब्लॉक के तेनुआ राय में आठ वर्ष के किशोर, सहसराव माफी में पांच वर्ष के और खरवनिया कला में तीन वर्ष के बच्चों में एईएस की पुष्टि जिला अस्पताल में जांच के दौरान हुई।
पांच मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज हुआ और उन्हें तीन दिन पहले छुट्टी दे दी गई। पांच लोगों में एईएस की पुष्टि से स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। सीएमओ ने जिला मलेरिया अधिकारी को पत्र जारी कर एईएस मरीजों के गांवो में फॉगिंग कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही सीएचसी अधीक्षक डॉ वीपी पांडेय और फार्मासिस्ट कौशल कुमार की टीम गठित कर संबंधित मरीजों पर नजर रखने का निर्देश दिया। टीम मरीजों की निगरानी कर रही है। संबंधित मरीजों के परिजनों से टीम लगातार संपर्क कर रही है। फिलहाल मरीज स्वस्थ हैं। अधीक्षक डॉ वीपी पांडेय ने बताया कि एईएस के मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।
उनके परिजनों से बातचीत की गई है। इसके साथ ही गांवों छिड़काव कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ अभय चंद श्रीवास्तव ने बताया कि एईएस के पांच मरीज मिले थे। उनका इलाज कर घर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जलजनित बीमारियों की वजह से ऐसा हुआ है। संबंधित गांवों में फॉगिंग का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही लोग अपने आस पास साफ सफाई रखे। पानी को इकट्ठा न होने दे और स्वच्छ पानी का ही सेवन करें।