मेंहदावल (संतकबीरनगर)। सरकार व विभागीय अधिकारियों के आदेश व निर्देश के बाद भी विद्युत व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है। विभाग ने मेंहदावल विद्युत सब स्टेशन में दो अवर अभियंता नगर व देहात के नाम पर तैनात कर रखा है। उसके बाद भी नगर की बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। गुरुवार की रात मेंहदावल नगर की बिजली गुल हो गई। सुबह लाईनमैनों ने फाल्ट तलाश किया और अंछिया ग्राम के पास फाल्ट मिला। यह फाल्ट नगर व मनवापुर के अवर अभियंता के विवाद के कारण नहीं ठीक हो पाया, जिसका नतीजा रहा कि कई पावरलूम मशीनें, आटा चक्की व नगर पंचायत की जलापूर्ति ठप रही। एक फॉल्ट को ठीक करने में 18 घंटे लग गए।
मेंहदावल नगर के लिए स्थापित 33/11 केवीए विद्युत सब स्टेशन के अवर अभियंता मनोज श्रीवास्तव व 132 केवीए मनवापुर के अवर अभियंता राम शरन पंडित के बीच फाल्ट ठीक करने के लिए शेड डाउन को लेकर तनातनी हो गई। दुर्भाग्य यह है कि दोनों अवर अभियंता अपनी तैनाती स्थल की जगह जिला मुख्यालय व गैर जनपद निवास करते हैं। विभागीय लोगों का कहना हैं कि मेंहदावल से मनवापुर इंचार्ज से फाल्ट ठीक करने के लिए शेड डाउन मांगा गया, जिस पर वह जनपद मुख्यालय पर रहते हुए मनवापुर में तैनात कर्मचारी से लाईन बंद करने की बात कही। इसपर मेंहदावल के जूनियर इंजीनियर ने आपत्ति करते हुए अपनी मौजूदगी में मनवापुर जेई को शेड डाउन लेने की बात कही। नतीजा यह निकला कि रात्रि 10 बजे अंछिया ग्राम के पास हुए फाल्ट को ठीक करने की कवायद में दो अवर अभियंताओं के विवाद में 18 घंटे लग गए।
अवर अभियंताओं के बीच चल रहे इस तमाशे से नाराज उपभोक्ता जब स्थानीय विद्युत सब स्टेशन पर पहुंच कर हंगामा करने लगे तब कही जाकर फाल्ट ठीक करने की कवायद शुरु हुई। उपभोक्ता आलोक कुमार, राजन सिंह, रामप्रकाश गुप्त, महबूब अहमद, सुरेश सिंह, सूर्यप्रकाश मिश्रा, घरभरन गुप्ता आदि लोगों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने के लिए जेई की तैनाती के बाद भी एक फाल्ट को आपसी विवाद में ठीक करने मे 18 घंटे से अधिक का समय लग गया। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वही विद्युत सब स्टेशन 33/11 पर ताला लगाकर कर्मी गायब थे।
इंसेट-
गैर जनपद निवास करते हैं दूसरे अवर अभियंता
अवर अभियंता द्वारा शेड डाउन जब मांगा गया तो तत्काल एएसओ के माध्यम से दिया जा रहा था, पर उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि आपके स्तर से लाईन बंद होनी चाहिए, जबकि विभागीय स्तर पर शेड डाउन करने की प्रकिया एएसओ के स्तर से होती है। काफी देर तक बिजली बाधित होने के जिम्मेदार 33/11 के अवर अभियंता हैं जो गैर जनपद निवास करते हैं।
राम शरन पंडित अवर अभियंता 132 के.वी.ए.मनवापुर
इंसेट
जिला मुख्यालय पर निवास करते है अवर अभियंता
132 के.वी.ए. पर तैनात अवर अभियंता तैनाती स्थल की जगह जिला मुख्यालय निवास करते हैं। एएसओ के माध्यम से शेड डाउन दिया गया और वापस भी कर दिया गया। जिससे मेरे एक लाईनमैंन को पोल से कुदना पड़ा। शेड डाउन जेई स्तर से मिलना चाहिए और मुझें भी ब्रेक डाउन की जानकारी होनी चाहिए पर जेई की अनुपस्थिति में ब्रेक डाउन किया जाना गलत हैं इसलिए उनके स्तर से शेड डाउन मांगा गया।
मनोज श्रीवास्तव अवर अभियंता 33/11 मेंहदावल