संतकबीरनगर। मिशन शक्ति के तहत संचालित परिवार परामर्श केंद्र के साथ-साथ कार्यक्रम में रविवार को 12 पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया गया। काउंसिलिंग के बाद सभी दंपती साथ रहने पर राजी हो गए। महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी पूनम ने की।
परामर्श केंद्र में अफसाना-मैमुद, फरहाना खातून-इरफान, खुशबू-विनोद, रेशमा-शैलेन्द्र, जलेन्द्र प्रसाद-अनीता देवी, संगीता एवं उनके देवर सिनोद, प्रियंका-पवन यादव, लवली-नागेंद्र, सायना खातून-एजाज अहमद, पूजा-इन्द्रेश, प्रमिला-अर्जुन तथा अनीता-सदानंद के मामलों की सुनवाई हुई। सभी मामलों में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक मतभेदों को काउंसिलिंग के जरिए दूर कराया गया।
परामर्श के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति जताई। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र ने सभी मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कर दिया। महिला थाना पुलिस का कहना है कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया से पहले संवाद और आपसी समझ के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों को बचाना है।