सेमरियावां। प्रधानमंत्री आवास योजना में 1170 आवेदन में जाॅब कार्ड संख्या दर्ज नहीं है। बीडीओ ने सचिवों पर नाराजगी जताई और शीघ्र ही जाॅब कार्ड संख्या दर्ज करने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब पात्रों की अंतिम सूची ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में तय की जाएगी। इस प्रक्रिया में ग्रामीण खुद तय करेंगे कि कौन आवास का हकदार है और किसे पहले लाभ मिल चुका है। इसको लेकर ब्लॉकों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तय मसौदे के आधार पर बैठकों का दौर शुरू होगा।
सेमरियावां ब्लाॅक में 12 न्याय पंचायतें हैं। इनमें 113 ग्राम पंचायत हैं। इनमें 183 राजस्व गांव हैं। पीएमवाई-2.0 के तहत आवेदन (सर्वे) मांगे गए थे। ग्राम पंचायत स्तर पर जरूरतमंद परिवारों से स्वयं मूल्यांकन कर आवेदन मांगा गया था। दूसरा सर्वे में विभागीय कर्मचारियों ने अपने स्तर पर सर्वे किया। सेमरियावां ब्लाॅक में पीएम आवास योजना के तहत कुल 15338 ग्रामीणों ने आवेदन किया था। विभाग द्वारा अब तक दो चरणों में सत्यापन कराया जा चुका है, जिसमें 11886 आवेदन सही पाए गए हैं।
इनके जाॅब कार्ड की फीडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तीसरे और अंतिम चरण में सत्यापन को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर खुली बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित ग्राम पंचायत के सभी ग्रामीणों के सामने आवेदनकर्ताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीण अपनी जानकारी के आधार पर बताएंगे कि आवेदक पहले किसी आवास योजना का लाभ ले चुका है या नहीं। यदि किसी आवेदक के बारे में आपत्ति आती है तो मौके पर ही उसकी जांच कराई जाएगी। गलत जानकारी देने वाले और पहले लाभ ले चुके अपात्रों के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
0000000000000000000
पोर्टल पर अपलोड होगी सूची
खुली बैठक में सत्यापन के बाद पात्र पाए गए लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर भारत सरकार के पीएमएवाई-जी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसी सूची के आधार पर आवास आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पहले चरण में पात्रों को आवास की पहली किस्त जारी की जाएगी।
0000000000000000000000
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य योजना में पूरी पारदर्शिता लाना और अपात्र लोगों को बाहर करना है। ग्रामीणों की भागीदारी से सही पात्रों की पहचान आसान होगी और योजना का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंचेगा। सही पाए गए आवेदन में से 1170 आवेदन में जाॅब कार्ड संख्या फीड नही है। सचिवों को शीघ्र ही फीड करने का निर्देश दिया गया है।
-कृष्ण कुमार, बीडीओ, सेमरियावां