आयुष्मान भव: अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा स्वास्थ्य मेला
मरीजों की हुई जांच, दवा भी उपलब्ध कराई गई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। आयुष्मान भव: अभियान के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। इस दौरान मरीजों की जांच के साथ ही दवा वितरित किया गया।
शासन ने 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा शुरू किया है। इस अभियान के तहत रविवार को जिले के छह सामुदायिक व तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व उप केंद्र स्तरीय आरोग्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। इसमें आए मरीजों की उच्च रक्तचाप, शुगर आदि की जांच की गई। इसके साथ ही मरीजों को दवा उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य मेले में कुल 1164 मरीजों का इलाज किया गया। जिसमें 408 पुरुष, 527 महिलाएं और 229 बच्चे शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद में अधीक्षक डॉ. राधेश्याम यादव, डॉ. इश्तियाक, डॉ. केपी सिंह, अभय त्रिपाठी, महेंद्र त्रिपाठी, एससी पांडेय, अखिलेश चौधरी आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गिरधरपुर, फेरूसा, विश्वनाथपुर, गड़सरपार, शिवसरा, मगहर, अशरफाबाद आदि सेंटरों पर भी स्वास्थ्य मेले में मरीजों का इलाज किया गया। साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।