शहर के बंजरिया से मेंहदावल बाईपास मार्ग पर जगह-जगह हैं गड्ढे।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगरा। बरसात और वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हुई जिले की सड़कों की सूरत बदलने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। डीएम की पहल पर शासन ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग को डेढ़ करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया है। इससे जिले की 541 सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा।
जिले में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की कुल 427 सड़कें हैं। इसके अलावा निर्माण खंड व प्रधानमंत्री सड़क योजना की मिलाकर 476 सड़कें है। कुछ ऐसी सड़कें भी हैं जो लोक निर्माण विभाग की डायरेक्टरी में शामिल नहीं थीं। इसमें जिला पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, नगर पालिका परिषद, गन्ना विभाग की सड़कें शामिल हैं। इन्हें भी अब डायरेक्टरी में शामिल कर लिया गया है। इस तरह कुल 1319 सड़कें हैं। इनमें से 541 सड़कों की हालत बेहद खराब है। लोक निर्माण ने इन 541 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए चिह्नित किया है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जहां से स्वीकृति मिल गई है। शासन ने इसके तहत मेंहदावल-खलीलाबाद मार्ग सहित अन्य सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए डेढ़ करोड़ का बजट लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करा दिया है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए अभियान शुरू कराया जा रहा है। जल्द ही सड़कें गड्ढा मुक्त हो जाएंगी। इससे इन सड़कों से आने-जाने वालों को हिचकोलेे खाने से निजात मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता व नोडल अधिकारी एके दूबे ने कहा कि शासन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए गंभीर है। जिले में लोक निर्माण प्रांतीय खंड व निर्माण खंड को मिलकर कुल 25 सौ किलोमीटर सड़कें हैं। इसमें से सात सौ किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि 541 सड़कों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें गड्ढा मुक्त कराया जाएगा।