आबादी के बीच से होकर खींचा जा रहा था तार
- फोटो : अमर उजाला
हरिहरपुर। शनिवार को महुली क्षेत्र के मुकुंदपुर चौराहे पर घनी आबादी से खींचे जा रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार लेकर ग्रामीण और ठेकेदार आमने-सामने हो गए। आक्रोशित ग्रामीण आबादी से होकर तार खींचने पर राजी नहीं हुए।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार बार-बार मना करने के बावजूद आबादी के बीच से और एलटी लाइन के ऊपर से होकर हाई वोल्टेज सप्लाई ले जाने पर आमादा हैं। हरिहरपुर के जगदीशपुर गौरा में स्थित विद्युत केंद्र से पौली विद्युत उपकेंद्र के लिए 33 हजार वोल्ट की सप्लाई का तार खींचा जा रहा था। मुकुंदपुर गांव के चौराहे पर आबादी के बीच से पोल पर तार खींचने की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान चंद्रदेव शुक्ल व ग्रामीण हरिद्वार, पिंटू, राम किंकर, महाबीर प्रसाद, नेबूलाल, राम किशोर, मुन्नीलाल, रामहीत आदि लोग मौके पर पहुंच गए और आबादी के बीच से हाई वोल्टेज तार खींचने पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में घरेलू बिजली के लिए जाने वाली एलटी लाइन के ऊपर से हाई वोल्टेज की सप्लाई का तार ले जाना काफी खतरनाक है। इससे नटवां, हटवां, मुकुंदपुर सहित कई गांवों के लोग प्रभावित होंगे। इससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। सूचना पर पहुंचे मुखलिसपुर उपकेंद्र के जेई मिथिलेश ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से बातचीत की और दो दिन का समय लेकर उच्चाधिकारियों से बात कर मामले का हल निकालने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हाई वोल्टेज सप्लाई का तार कठिनइयां नदी के किनारे बने बांध से होकर जाना चाहिए।