मेंहदावल। सीएचसी मेंहदावल में आने वाले मरीजों की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। जब मरीज सोमवार को अस्पताल में पहुंचे तो एआरवी इंजेक्शन खत्म हो गए। इससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
सीएचसी मेंहदावल में प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक मरीज कुत्ते, बिल्ली के काटने से पीड़ित होकर एंटीरैबिज इंजेेक्शन लगवाने आते हैं। सोमवार को भी कुछ मरीज आए थे और जब मरीज इंजेक्शन रूम में पहुंचे तो पता चला कि इंजेक्शन खत्म हो गया है। मरीज डॉक्टरों के पास भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन खत्म हो गए है। बखिरा थाना क्षेत्र के परतिया निवासी जितई का कहना है कि कुत्ते के काटने से रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए आया था लेकिन अस्पताल आने पर पता चला कि इंजेक्शन तीन दिन से खत्म हैं। अस्पताल के डॉक्टर यह भी नहीं बता रहे हैं कि इंजेक्शन कब आएगा। दस वर्षीय सोनू का कहना है कि बिल्ली ने काटा है। चिकित्सक ने इंजेक्शन लगवाने के लिए कहा है लेकिन अस्पताल में इंजेक्शन नहीं मिल पाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहन झा का कहना है कि एआरवी इंजेक्शन के लिए तीन दिन से अस्पताल की ओर से विभाग को डिमांड भेजा गया है लेकिन अभी तक भी इंजेक्शन नहीं आ पाए हैं। इसके लिए लगातार पत्र लिखा जा रहा है। जल्द ही इंजेक्शन आने की उम्मीद है।