इंजन ने दिया दगा, पौने तीन घंटे तक रुकी रही सत्याग्रह
खलीलाबाद शहर के त्रिपाठी मार्केट के सामने वाले फेल हो गया इंजन
पौने दो घंटे बाद दूसरा इंजन मंगाकर स्टेशन पर वापस लाई गई ट्रेन
गोरखपुर से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को भेजा गया आगे
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दिल्ली से रक्सौल जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस मंगलवार सुबह नौ बजे इंजन खराब होने की वजह से खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के पास रुक गई। मेन ट्रैक जाम होने के कारण गोरखपुर की तरफ जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस को चुरेब रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। पौने दो घंटे बाद मालगाड़ी के इंजन से ट्रेन को वापस रेलवे स्टेशन पर लाया गया। इसके बाद दूसरे स्टेशनों पर रोकी गई गोरखधाम और वैशाली को रवाना किया गया। गोरखपुर से दूसरा इंजन आने के बाद सत्याग्रह को 11:45 बजे गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।
आरपीएफ चौकी खलीलाबाद के इंचार्ज श्यामराज ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे सत्याग्रह एक्सप्रेस खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से जैसे ही आगे बढ़ी इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। त्रिपाठी मार्केट के सामने ट्रेन रुकने की वजह से यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा। इंजन चालक समेत अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने गड़बड़ी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मेन ट्रैक जाम होने की वजह से पीछे आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस को चुरेब रेलवे स्टेशन पर रोका गया। करीब पौने दो घंटे बाद (10:40 बजे) मालगाड़ी के इंजन की सहायता से ट्रेन को वापस खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर लाया गया। इसके बाद गोरखधाम और वैशाली को रवाना किया गया। होली के अवसर पर घर जा रहे ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन को आगे भेजने के लिए गोरखपुर से दूसरा इंजन मंगाया गया। 11:45 बजे ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना किया गया। इस संबंध में स्टेशन मास्टर संतोष कुमार ने बताया कि सत्याग्रह एक्सप्रेस के इंजन में खराबी थी। गोरखपुर से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।